50वें

50वें खजुराहो नृत्य महोत्सव का आयोजन 20 फरवरी से 26 फरवरी तक

50वें खजुराहो नृत्य महोत्सव का आयोजन 20 फरवरी से 26 फरवरी तक -प्रतिष्ठित शास्त्रीय नर्तकों के घुंघरुओं की झंकार और कदमताल से बिखरेगी छटा

भोपाल। यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो की धरती एक बार फिर शास्त्रीय नृत्य की गरिमामय प्रस्तुतियों से गुंजयमान होगा। बुंदेलो की धरती पर देशभर से पधारने वाले प्रतिष्ठित लोक नर्तक अपनी घुंघरुओं की झंकार और कदमताल से छटा बिखरेंगे। 1975 में शुरू हुआ खजुराहो नृत्य महोत्सव इस वर्ष अपना स्वर्ण जंयती वर्ष मना रहा है। इस उपलब्धि को खास एवं यादगार बनाने के संस्कृति विभाग द्वारा कथक कुंभ का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में आयोजन की जानकारी देते हुए संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक


न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि देश की समृद्ध संस्कृति और विरासत के उत्सव का उजास 20 फरवरी से खजुराहो नृत्य महोत्सव के रूप में होने जा रहा है। जिसमें प्रथम दिवस 20 फरवरी को कथक नृत्य के 1500 से 2000 कलाकारों द्वारा सामूहिक नृत्य कथक कुंभ प्रस्तुत कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किये जाने का लक्ष्य रखा गया है। पश्चिमी मंदिर समूह परिसर के अंदर चंदेलकालीन कंदारिया महादेव मंदिर तथा देवी जगदंबा मंदिर के मध्य विशाल मुक्ताकाशी मंच पर यह उत्सव 26 फरवरी तक आयोजित होगा।
प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति विभाग शिव शेखर शुक्ला ने कहा, खजुराहो नृत्य समारोह को शुरू करने का उद्देश्य शास्त्रीय नृत्यों का संरक्षण ही नहीं अपितु इसके इतर शास्त्रीय नृत्य द्वारा कला के परमोत्कर्ष की अनुभूति कला रसिकों को करवाने एवं इससे जुड़े सभी कलाकारों को प्रोत्साहित करना है। विश्व रिकॉर्ड के अलावा महोत्सव में पहली बार लयशाला का आयोजन होगा। इसमें भारतीय नृत्य शैलियों के अपनी विधा के श्रेष्ठ गुरूओं के साथ शिष्यों का संगम और कार्यशालाएं होंगी। खजुराहो नृत्य समारोह में अब तक भारत की सभी प्रमुख शास्त्रीय नृत्य शैलियों जैसे भरतनाट्यम, ओडीसी, कथक, मोहिनीअटेम, कुचिपुड़ी, कथकली, यक्षगान, मणिपुरी आदि के युवा और वरिष्ठ कलाकार अपनी कला की आभा बिखेर चुके हैं।
रोमांच प्रेमियों के लिए स्काई डाइविंग और वॉटर एडवेंचर

महोत्सव के दौरान खजुराहो में देश-विदेश से पहुंचने वाले सैलानियों को रोमांच का अनुभव भी मिलेगा। मप्र टूरिज्म बोर्ड द्वारा विभिन्न रोमांचक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। रोमांच प्रेमियों के लिए 20 से 25 फरवरी तक स्काई डाईविंग, कैम्पिंग, ट्रेल जॉय राइड, वाटर एडवेंचर, स्पीड बोट, बनाना राईड, शिकारा बाईड, रॉफ्टिंग, विलेज टूर, ई-बाइक टूर, रानेह फॉल टूर, दतला पहाड़, सेगवे टूर, खजुराहो नाईट टूर, फॉर्म टूर जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।
महोत्सव के दौरान होंगी विभन्न गतिविधियां
नेपथ्य- भारतीय नृत्य शैलियों का सांस्कृतिक परिदृश्य एवं कलायात्रा। प्रदर्शनी के अन्तर्गत शास्त्रीय, लोक और जनजातीय नृत्य रूपाकारों के परिधान, आभूषण, अलंकरण, साहित्य और संगीत वाद्यों के साथ-साथ चित्र शैलियाँ एवं पर्व-त्योहार अर्थात् समग्रता में कला और संस्कृति को प्रदर्शित किया जाता है। कलावार्ता- कलाकार और कलाविदों का संवाद।
संस्कृति के विभिन्न अनुशासनों के कला मर्मज्ञों एवं कलाकारों के बीच संस्कृति संवाद के साथ ही विभिन्न कलारूपों के प्रतिनिधि, प्रस्तुतिकार, कला समीक्षक, कलामर्मज्ञ एवं विद्वतजन भारतीय कलाओं और उनमें निहित दर्शन पर श्रोताओं से गम्भीर विमर्श करते हैं।
आर्ट-मार्ट कला प्रदर्शनी के अन्तर्गत ललित कलाओं जैसे मूर्ति शिल्प, चित्रांकन, छायाचित्र, छापा चित्र, काष्ठ शिल्प आदि के कलाकार अपनी कृतियां प्रदर्शित करते हैं। कलाकारों से दर्शक खुलकर कला से संबंधित विभिन्न आयामों पर चर्चा करने हेतु भी आमंत्रित रहते हैं ।

India News Vista
54

Newsletter

Subscribe to our newsletter for daily updates and stay informed

Feel free to opt out anytime
Get In Touch

+91 99816 65113

[email protected]

Follow Us

© indianewsvista.in. All Rights Reserved.