AVS

AVS में देशभक्ति और सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रमों के साथ मनाया महोत्सव

आनंद विहार कॉलेज फॉर वूमेन में स्वतंत्रता दिवस समारोह, सावन उत्सव में मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, सावन के रंग में डूबे आयोजन में छात्राओं ने वर्षा गीतों पर समूह नृत्यों की दी मनमोहक प्रस्तुतियां

भोपाल। आनंद विहार कॉलेज फॉर वूमेन और आनंद विहार विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 78वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। यह आयोजन महाविद्यालय प्रबंधन समिति की वरिष्ठ सदस्य आशा सक्सेना के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ, जिसमें छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।

सेमी क्लासिकल नृत्य ने किया मंत्रमुग्ध 

समारोह की शुरुआत महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रमों से हुई। डीएलएड की छात्रा जाह्नवी प्रजापति ने महिलाओं के योगदान पर जोर देते हुए एक ओजपूर्ण भाषण प्रस्तुत किया। उनके विचारशील शब्दों ने दर्शकों के मन में महिलाओं की भूमिका के महत्व को उजागर किया। इसके बाद, निशा, मिताली, शिवानी और मान्या ने "वंदे मातरम" गीत पर एक सेमी-क्लासिकल नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 


नृत्य नाटिका ने किया भावभिवोर 

कार्यक्रम का अगला हिस्सा मां को समर्पित एक भावपूर्ण नृत्य-नाटिका था, जिसमें नेहा, खुशी, वेदिका, संजना, तुलसी, रोशनी, जाह्नवी, और प्रियंका ने अपने अभिनय से सबको भावविभोर कर दिया। उनकी प्रस्तुति में मातृत्व के प्रति सम्मान और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का अनूठा संगम दिखाई दिया, जिसने दर्शकों के हृदय को छू लिया।

रितु यादव को किया सम्मानित 

इस विशेष अवसर पर महाविद्यालय की मेधावी छात्रा रितु यादव को सम्मानित किया गया। रितु ने यूपीएससी 2023 में 470वीं रैंक प्राप्त कर महाविद्यालय और पूरे शहर का नाम रोशन किया। इसके अलावा, रितु यादव ने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय की 2020 की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक भी हासिल किया था। उनके इस अद्वितीय उपलब्धि के लिए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉक्टर मधु मिश्रा ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित करें 

प्राचार्य डॉक्टर मधु मिश्रा ने इस मौके पर समस्त स्टाफ और छात्राओं को स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाएं दीं और सभी को अपने देश के प्रति कर्तव्यों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हर छात्रा को अपने जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित कर, उसे प्राप्त करने के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा से प्रयास करना चाहिए, ताकि वे समाज और देश के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर अनुपमा पांडेय ने बड़ी कुशलता से किया, जिससे आयोजन को एक सजीवता और गरिमा प्राप्त हुई।


सावन उत्सव में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन 

इसके अलावा, आनंद विहार कॉलेज फॉर वूमेन में शुक्रवार को सावन उत्सव का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला का प्रदर्शन किया। सावन के रंग में डूबे इस आयोजन में छात्राओं ने वर्षा गीतों पर समूह नृत्यों की प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरे महाविद्यालय में एक हर्षोल्लास का माहौल बन गया।

प्रतिभा को प्रदर्शित करने  का मंच 

यह समारोह न केवल स्वतंत्रता दिवस के महत्व को समझने और मनाने का अवसर था, बल्कि यह छात्राओं के लिए अपनी प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का एक मंच भी साबित हुआ। महाविद्यालय के इस संयुक्त आयोजन ने सभी उपस्थित लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूकता को और भी प्रगाढ़ किया। 

India News Vista
58

Newsletter

Subscribe to our newsletter for daily updates and stay informed

Feel free to opt out anytime
Get In Touch

+91 99816 65113

[email protected]

Follow Us

© indianewsvista.in. All Rights Reserved.